Movie prime

 हरियाणा के 3 जिलों में सुबह हल्की बारिश: जींद-फतेहाबाद को मानसून का इंतजार

 
हरियाणा के 3 जिलों में सुबह हल्की बारिश:अधिकतर जिलों में धूप के साथ उमस भरी गर्मी; जींद-फतेहाबाद को मानसून का इंतजार
 

हरियाणा में मानसून के बादल खुल कर नहीं बरस रहे। मौसम विभाग की भारी से भारी बारिश की चेतावनी के बावजूद बीता कल जहां लगभग सूखा निकला, वहीं आज भी केवल 2 स्थानों यमुनानगर में 3 एमएम और सिरसा में 1एमएम बारिश हुई है। जीटी रोड़ बैल्ट को छोड़ दें तो अधिकतर जिलों में सुबह से धूप खिली है। रात को भी आसमान साफ रहा। बारिश के मौसम में लोगों को उमस भरी गर्मी सता रही है। हवा की गति फिलहाल सामान्य है।

मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले 24 से 36 घंटे में मानसून पूरे हरियाणा में छा जाएगा। जींद व फतेहाबाद जिले ही मानसून की रेंज से बाहर हैं। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा राजस्थान से लेकर हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक निम्न दबाव तक बनी हुई है।

यहां सुबह हल्की बारिश

रात को यमुनानगर में 3 एमएम और सिरसा में 1 एमएम बारिश हुई है। कुछ अन्य इलाकों में भी अलग-अलग स्थानों पर कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुई। फिलहाल अंबाला, कालका, बराड़ा, जगाधरी, नारायणगढ़ व पंचकूला में हल्की बारिश का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने सुबह 7 बजे जारी किया। फिलहाल नारायणगढ़ में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। हालांकि यमुनानगर शहर में फिलहाल हल्की धूप निकली हुई है।

जींद में आज बारिश की संभावना

मौसम विभाग (IMD) ने 27 जून के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें आज जींद में 30 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी आंधी और गरज चमक की संभावना है। अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, झज्जर, महेंद्रगढ़, पलवल व फरीदाबाद में अच्छी बारिश की संभावना है। गरज चमक तो पूरे प्रदेश में ही बनी रहेगी। मौसम विभाग इसके लिए समय समय पर जानकारी मुहैया कराएगा।

फिलहाल अधिकतर जिलों में धूप

प्रदेश में सुबह 9 बजे तक के मौसम को देखें तो सोनीपत व जींद में बादल छाए हैं। जींद में बारिश का माहौल है। आज यहां मानसून दस्तक दे सकता है। अंबाला में धूप हे, लेकिन आसमान में हल्के बादल भी दिख रहे हैं। पानीपत में धूप खिली है। माहौल उमस वाली गर्मी का है। इसी प्रकार कैथल, नारनौल, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, सिरसा, हिसार, भिवानी, झज्जर, पलवल, फरीदाबाद, चरखी दादरी में मौसम साफ है। यहां धूप खिली हुई है।

सामान्य से ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो रविवार को मानसून के दस्तक देने के बाद रविवार व सोमवार को 2 दिन में सामान्य से 12 गुणा ज्यादा बारिश हुई है। लेकिन यह बारिश पूरे जिले भर में न होकर अलग अलग क्षेत्रों में दर्ज की गई है। 20 जिलों में मानसून छाया हुआ है, माहौल तेज बारिश का बनता है, लेकिन मौसम विभाग के अनुमान भी इसमें कई बार फेल नजर आते हैं। उनके पूर्वानुमान या संभावना के हिसार से मौसम में फेरबदल नहीं हो पाता।

हरियाणा में फिलहाल बारिश-आंधी की संभावना का कोई अलर्ट नहीं है।

बनी हुई है बारिश की संभावना

जून में शनिवार तक बारिश 31 प्रतिशत कम थी, सोमवार को यह 41 प्रतिशत ज्यादा हो गई। आज व कल भी बारिश की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है। फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही है। लोगों को पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का इंतजार है।

रात का तापमान 0.8 डिग्री बढ़ा

प्रदेश में बारिश के मौसम के बीच गर्मी बढ़ रही है। रविवार को बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में जो गिरावट आयी थी, वह अब धीरे धीरे बढ़ रही है। बीती रात को न्यूनतम तापमान में 0.8 की बढ़ोतरी हुई। फतेहाबाद में पारा 2 डिग्री तक बढ़ कर 26 डिग्री सेल्सियस हो गया है। करनाल में सबसे अधिक 27.2 डिग्री तो नारनौल में यह सबसे कम 24.5 डिग्री दर्ज हुआ। 2-3 सेंटरों को छोड़ कर अधिकतर में न्यूनतम पारा 26 डिग्री से उपर बना हुआ है।

WhatsApp Group Join Now